पहली पोस्टिंग में ही रिश्वतखोरी! SDM काजल मीणा 60 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, दफ्तर से 4 लाख बरामद!

SHARE:

अजय राज सिंह राठौड़ के साथ पंकज ठाकुर

करौली (राजस्थान), 17 अप्रैल 2026।

राजस्थान के करौली जिले के नादौती में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीएम काजल मीणा समेत तीन लोगों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन बंटवारे की फाइनल डिक्री जारी करने के बदले ₹60,000 की घूस ली जा रही थी।
रिश्वत लेते हुए दबोचे गए आरोपी
ACB को एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी जमीन के बंटवारे की फाइल पास करने के लिए पैसे मांगे जा रहे हैं। जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया।
जैसे ही परिवादी ने रीडर दिनेश सैनी को ₹50,000 और वरिष्ठ सहायक प्रवीण धाकड़ को ₹10,000 दिए, ACB ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि रिश्वत लेने से पहले रीडर ने फोन पर SDM से सहमति भी ली थी।
दफ्तर से मिला ‘कलेक्शन’ का कैश
गिरफ्तारी के बाद जब ACB टीम ने SDM कार्यालय की तलाशी ली, तो वहां से करीब ₹4 लाख नकद बरामद हुए। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह रकम एक दिन की अवैध वसूली का हिस्सा हो सकती है। फिलहाल टीम अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है।
चौंकाने वाली बात—पहली पोस्टिंग में ही गिरफ्तारी
काजल मीणा 2024 बैच की RAS अधिकारी हैं और ST वर्ग में टॉप रैंक हासिल कर चुकी हैं।
उन्होंने IIT Mandi से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और इससे पहले EPFO व दूरसंचार विभाग में भी सेवाएं दे चुकी हैं। नादौती में यह उनकी पहली पोस्टिंग थी।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
ACB के डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद दस्तावेजों और फाइलों की गहन जांच की जा रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
फिलहाल यह मामला प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक होनहार अधिकारी की शुरुआत ही गंभीर आरोपों के साथ हुई है।

Join us on: