रिपोर्ट- सुमित कुमार!
मुंगेर: जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानीगंज कोयरी टोला, काली स्थान के समीप एक घर में संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अर्ध-निर्मित हथियार, तैयार हथियार एवं हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।
जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि कासिम बाजार थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पुरानीगंज मोहल्ले के एक मकान में अवैध रूप से मिनी गन फैक्ट्री संचालित की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद कासिम बाजार थाना पुलिस एवं डीआईयू टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मौके से फैक्ट्री का संचालन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान पुरानीगंज निवासी भोला राम के पुत्र अमर राम तथा अमर राम के पुत्र विक्रम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने एक अर्ध निर्मित देसी कट्टा, एक अर्ध निर्मित पिस्टल, एक ग्राइंडिंग मशीन, कट्टर सहित हथियार बनाने के अन्य उपकरण को बरामद किया है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
बाइट-अभिषेक आनंद एसडीपीओ सदर मुंगेर




