लाखो की लागत से निर्मित सार्वजनिक शौचालय मे लगा है ताला, लोग हो रहे परेशान!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड मुख्यालय वार्ड संख्या 12 स्थित बाईपास सड़क किनारे लाखों की लागत से निर्मित सार्वजनिक शौचालय लगातार बंद रहने से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हमारे संवाददाता के ग्राउंड रिपोर्टिंग में पाया गया कि शौचालय पर जंग लगा ताला लटका है और आसपास गंदगी पसरी हुई है।
यह बाईपास मार्ग अंचल कार्यालय से अनुमंडल कार्यालय को जोड़ता है और प्रतिदिन सैकड़ों लोग जाम से बचने के लिए इसी रास्ते से गुजरते हैं। इसके बावजूद जनसुविधा का बंद रहना कई सवालों को खड़ा करता है।
स्थानीयों जीव लाल राम ने बताया है कि “शौचालय लगातार बंद ही रहता है। आज तक हमने इसे कभी खुला नहीं देखा। अगर यह चलता रहता, तो आसपास इतनी गंदगी नहीं होती।”
अभिषेक कुमार झा (स्थानीय निवासी, अनुमंडल सामाजिक न्याय सह आरटीआई कार्यकर्ता संघ प्रवक्ता) ने कहा है , “पूरे वार्ड में जगह-जगह कचड़ा जमा है। जवाबदेही लेने के लिए कोई तैयार नहीं है। यह गंभीर लापरवाही है।”
वहीं अनिल कुमार यादव (सामाजिक कार्यकर्ता) ने आरोप लगाया, “ऐसा प्रतीत होता है कि शौचालय का निर्माण केवल दिखावे के लिए किया गया है। नगर पंचायत प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर इसे सुचारू रूप से संचालित कराना चाहिए।” आधिकारिक प्रतिक्रिया लेने के लिए बेनीपट्टी नगर पंचायत प्रशासन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया।
स्वच्छता और जनसुविधा के दावों के बीच यदि सार्वजनिक शौचालय वर्षों तक बंद मिले, तो यह व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। स्थानीयों ने मांग की है कि शौचालय को तत्काल खोलकर नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए और जिम्मेदार कर्मियों की तैनाती की जाए।

Join us on: