पंकज कुमार जहानाबाद।
जहानाबाद के
मखदुमपुर के नवाबगंज रोड पर बेखौफ उचक्कों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाशों ने सड़क किनारे खड़ी एक बाइक की डिक्की तोड़कर एक लाख 99 हजार रुपये नकद समेत पासबुक लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई, वहीं पीड़ित परिवार सदमे में है।
पीड़ित मुनिरका चौधरी, निवासी फतेहपुर गांव, ने बताया कि वे अपनी पत्नी फुलमंती देवी के साथ पंजाब नेशनल बैंक, मुस्सी गए थे। बैंक से उन्होंने अपने खाते से 1,50,000 रुपये तथा पत्नी के खाते से 49,000 रुपये की निकासी की थी। इसके बाद दोनों नवाबगंज रोड स्थित दुकानों से सामान खरीदने लगे और बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी। इसी दौरान मौका पाकर बदमाशों ने बाइक की डिक्की तोड़ दी और उसमें रखे 1.99 लाख रुपये व पासबुक लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि बदमाशों की पूरी करतूत पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष दिवाकर विश्वकर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत है, वहीं पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है।




