बेगूसराय- जिलाधिकारी ने वीरपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का किया निरिक्षण एवं जनसुनवाई!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री द्वारा आज दिनांक 07.02.2026 को प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के अंतर्गत वीरपुर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा आम नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला पदाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विभागवार प्रतिवेदन की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में उन्होंने वी बी -जी राम जी अधिनियम, 2025 (VB-G RAM G Act, 2025) के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कार्यक्रम पदाधिकारी को सभी पंचायतों के लिए योजनाओं का चयन कर पोर्टल पर शीघ्र प्रविष्टि कराने का निर्देश दिया।

पंचायत सरकार भवन की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने अवगत कराया कि आठ पंचायतों में से दो पंचायतों में भूमि संबंधी समस्या के कारण पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य लंबित है। इस पर जिला पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी को अविलंब भूमि चिन्हित कर अग्रेतर कार्रवाई हेतु जिला मुख्यालय भेजने का निर्देश दिया। प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज निर्माण की समीक्षा के क्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने जानकारी दी कि नौला उच्च विद्यालय परिसर में डिग्री कॉलेज के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

इसके पश्चात जिला पदाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पंचायतों की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। जल निकासी की समस्या पर उन्होंने उपयुक्त स्थल चयन कर सामुदायिक सोख्ता निर्माण कराने हेतु प्रखंड समन्वयक को निर्देशित किया। फार्मर रजिस्ट्रेशन में आ रही कठिनाइयों के समाधान हेतु सरपंच के माध्यम से भूमि बंटवारा कराकर पंजीकरण कार्य संपादित कराने को कहा। साथ ही निजी भूमि से निजी कार्य हेतु मिट्टी कटाई के मामले में अनावश्यक कार्रवाई नहीं करने के लिए स्थानीय थाना को आवश्यक निर्देश दिए।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Join us on: