बेगूसराय के कुल 12 केंद्रों पर 18 जनवरी को होगी सब इंस्पेक्टर की लिखित परीक्षा!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना के विज्ञापन संख्या 05/2025 के अंतर्गत पुलिस अवर निरीक्षक (Police Sub-Inspector) पदों पर नियुक्ति हेतु प्रारंभिक लिखित परीक्षा का आयोजन दिनांक 18 जनवरी 2026 (रविवार) एवं 21 जनवरी 2026 (बुधवार) को बेगूसराय जिले के कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। उक्त परीक्षा दोनों तिथियों को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक पाली के लिए अलग-अलग अभ्यर्थी निर्धारित किए गए हैं।
प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगी, जिसके लिए अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय प्रातः 08:30 बजे निर्धारित है। वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 02:30 बजे से सायं 04:30 बजे तक होगी, जिसके लिए रिपोर्टिंग समय अपराह्न 01:00 बजे निर्धारित किया गया है। परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 30 मिनट पूर्व तक ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, इसके उपरांत किसी भी परिस्थिति में प्रवेश वर्जित रहेगा।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराने हेतु व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। बिना वैध्य ई-प्रवेश पत्र एवं फोटो पहचान-पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र परिसर के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिबंधित सामग्री के साथ पकड़े जाने पर अभ्यर्थिता रद्द करते हुए विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे तथा बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट सत्यापन (बाएं हाथ के अंगूठे का निशान) की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त परीक्षा की समस्त प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी तथा फोटोग्राफी के समय चेहरे से मास्क अथवा टोपी हटाना अनिवार्य होगा, ताकि पहचान स्पष्ट रूप से सुनिश्चित की जा सके।
अभ्यर्थी अपना ई-प्रवेश पत्र बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://bpssc.bihar.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा समाप्ति के उपरांत ओएमआर उत्तर-पुस्तिका एवं प्रश्न-पत्र परीक्षा केंद्र पर ही जमा करना अनिवार्य होगा। इन्हें अपने साथ ले जाना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आएगा। यदि कोई अभ्यर्थी प्रतिरूपण (Impersonation) करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए परीक्षा को सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सहयोग करें।

Join us on: