गुरुपर्व में शामिल होने पंजाब से आई सिख महिला श्रद्धालु पर अपराधियों ने चाकू से हमला कर की लूटपाट!

SHARE:

रिपोर्ट- अमित कुमार!

359वें प्रकाश गुरुपर्व के पावन अवसर पर पटना सिटी में अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। गुरुपर्व में शामिल होने पंजाब से आई सिख महिला उत्तम प्रीत कौर पर अज्ञात अपराधियों ने चाकू से हमला कर लूटपाट की। यह घटना चौक थाना क्षेत्र की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तम प्रीत कौर अपनी चाची के साथ तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब से बाल लीला गुरुद्वारा जा रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए दो अज्ञात लुटेरों ने अचानक महिला पर चाकू से हमला कर दिया और उसके पास से आठ हजार रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए एनएमसीएच पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे डिस्चार्ज कर दिया। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पीड़िता के फर्द बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस गुरुद्वारा परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बाइट : – चौक थानाध्यक्ष

Join us on: