रिपोर्ट- ऋषभ कुमार!
हाजीपुर में पासिंग विवाद: एक युवक की चाकू मारकर हत्या: डस्टर गाड़ी लूटकर फॉर्च्यूनर सवार हमलावर फरार, एक घायल
हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पासिंग नहीं देने के विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर युवकों की डस्टर गाड़ी लूटकर मौके से फरार हो गए। यह वारदात दिग्घी मरमाला चौड़ के पास हुई।
मृतक की पहचान पातेपुर थाना क्षेत्र के बडढ़िहा गांव निवासी स्वर्गीय रामकिशुन राय के 25 वर्षीय पुत्र चंद्रशेखर कुमार के रूप में हुई है। घायल युवक 22 वर्षीय मनीष कुमार हैं, जो बैजनाथ राय के पुत्र हैं। घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद, चंद्रशेखर की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मनीष कुमार का इलाज जारी है।
घायल मनीष कुमार ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि वे अपने दोस्त आकाश कुमार के यहां हाजीपुर में भोज खाने आए थे। भोज के बाद वे अपनी डस्टर गाड़ी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी एक काले रंग की फॉर्च्यूनर से सट गई।
इसके बाद फॉर्च्यूनर सवार लोग गाड़ी से नीचे उतरे और उन पर चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। मनीष के अनुसार, हमलावरों ने उनकी गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया और चंद्रशेखर के पेट में चाकू मार दिया।
चाकू लगने के बाद चंद्रशेखर बेहोश होकर वहीं गिर गए। मनीष ने बताया कि उन्होंने किसी तरह चंद्रशेखर को उठाकर अपनी जान बचाई। हमलावर उनकी डस्टर गाड़ी लेकर फरार हो गए।
सदर थाना अध्यक्ष रणवीर कुमार झा ने बताया कि पासिंग नहीं देने के कारण गुस्साए फॉर्च्यूनर चालक ने कार सवार दो व्यक्तियों को चाकू मारकर घायल कर दिया था। उन्होंने पुष्टि की कि चंद्रशेखर को पटना पीएमसीएच रेफर किया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।




