मधुबनी- अधिक पंजीकरण शुल्क वसूली का आरोप लगा छात्र-छात्राओं ने एनएच 227 किया जाम!

SHARE:

रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!

अधिक पंजीकरण शुल्क वसूली का आरोप लगा छात्र-छात्राओं ने एनएच 227 को किया जाम, एचएम व शिक्षकों के खिलाफ लगाए जम कर नारे

मधुबनी जिले के सरलाखी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नंदलाल महावीर +2 उच्च विद्यालय गंगौर में दसवीं और बारहवीं के पंजीकरण के नाम पर अधिक शुल्क वसूली का आरोप लगाकर आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के सामने एनएच 227 सड़क को जाम कर दिया। छात्र-छात्राओं ने सड़क पर उतर विद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन व नारेबाजी किया। आक्रोशित छात्र-छात्राओं का कहना है कि विद्यालय के प्रभारी एचएम व संबंधित शिक्षक रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर अधिक रुपये वसूल कर रहे हैं। इसका कारण पूछे जाने पर प्रभारी एचएम व शिक्षक अपशब्द बोलते हैं। इतना ही नहीं, पंजीकरण शुल्क जमा करने के बाद स्कूल से रसीद भी नहीं दिया जाता है। जिससे बच्चों के अभिभावकों में भी आक्रोश ब्याप्त है। इस दौरान सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे छात्र रजनीश कुमार, विकास कुमार, बीरेंद्र कुमार, मोहम्मद गुलाम गौस, रविरंजन कुमार, आलोक कुमार, छात्रा पूजा कुमारी, पिंकी कुमारी, नेहा कुमारी सहित दर्जनों छात्र-छात्राओं ने बताया है कि विद्यालय में दसवीं और बारहवीं के रजिस्ट्रेशन के नाम पर अधिक रुपये वसूले जा रहे हैं और बदले में दिए जाने वाले रसीद भी नहीं दिया जा रहा हैं। शिकायत करने पर प्रभारी एचएम और संबंधित शिक्षक अपशब्द बोलते हैं। इतना ही नहीं, ओबीसी और ईबीसी छात्र-छात्राओं से भी अधिक रुपये वसूले जा रहे हैं। जिससे मजबूरन सड़क जाम कर अवैध वसूली के खिलाफ प्रदर्शन करना पड़ा। इधर एनएच 227 सड़क जाम की सूचना मिलते ही सरलाखी बीडीओ जाम स्थल पर पहुंचे और आक्रोशित छात्र-छात्राओं की बातें सुनी। सड़क जाम में फंसे यात्रियों की शिकायत पर डायल 112 की पुलिस भी जाम स्थल पर पहुंची। छात्र-छात्राओं की बातें सुनने के बाद बीडीओ ने विद्यालय के शिक्षकों से भी बात की। उसके बाद बीडीओ ने आक्रोशित छात्र-छात्राओं को समझा बुझाकर सड़क जाम खाली कराया और जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।
विद्यालय के प्रभारी एचएम अरुण कुमार का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल पर कॉल किया तो उनके ओर से कॉल नहीं प्राप्त की गई। वहीं, बीडीओ रविशंकर पटेल ने बताया कि बच्चों की शिकायत सुनी गई है। स्कूल के शिक्षकों को हिदायत दे दी गई है। एचएम स्कूल में नहीं थे। किसी काम से मधुबनी गए हुए थे। गुरुवार तक सभी छात्र-छात्राओं को स्कूल की ओर से रशीद दे देने का निर्देश दिया गया है। जांच में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: