रिपोर्टर शुभम सिन्हा!
नवरात्र का सातवां दिन पूरे जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सप्तमी तिथि पर आज मां दुर्गा का पट भक्तों के लिए खोल दिया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे और जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा। भोजपुर जिले के आरा शहर स्थित बड़ी चौक, माता आरण्य देवी मंदिर के पास बने विशाल पंडाल में इस बार 21 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसे आकर्षक रूप से सजाया गया है।
सप्तमी के अवसर पर विधिवत पूजन-अर्चन के बाद भक्तों ने मां दुर्गा के मनोहारी रूप का दर्शन किया। इस दौरान नगर निगम की महापौर इंदु देवी भी पंडाल पहुंचीं और विधिवत पूजन कर नगर की खुशहाली की कामना की। भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। तस्वीरों में भी साफ झलकता है कि मां दुर्गा के भव्य स्वरूप के दर्शन के लिए अपार भीड़ उमड़ रही है।
पंडाल में विराजमान मां लक्ष्मी, गणेश, कार्तिकेय और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। सप्तमी से लेकर विजयादशमी तक लाखों श्रद्धालु इस पंडाल में माता के दर्शन के लिए आते हैं। शाम होते ही पूरे इलाके में रोशनी और भक्ति गीतों की गूंज से वातावरण और भी भक्तिमय हो जाता है। माता का पट खुलते ही भक्तों की भीड़ और जयकारों से आरा शहर का माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया है।




