रिपोर्ट- अमित कुमार!
“
मंत्री संतोष कुमार सिंह ने 16 योजनाओं की जानकारी देने वाले आईईसी वाहनों को किया रवाना
पटना, 1 मई 2025: श्रम संसाधन विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय “मई दिवस 2025” समारोह का समापन आज दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन संस्थान, पटना में हुआ। यह दो दिवसीय आयोजन श्रमिकों के कल्याण, अधिकार और सशक्तिकरण को समर्पित रहा।
समारोह में श्रम संसाधन मंत्री श्री संतोष कुमार सिंह ने बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की 16 योजनाओं की जानकारी से लैस आईईसी प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन प्रचार वाहनों के माध्यम से पूरे प्रदेश में श्रमिकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी।
अपने संबोधन में मंत्री ने श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, प्रशिक्षण और कल्याण को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय पैनल चर्चाओं में जो विचार सामने आए हैं, उन्हें राज्य सरकार की भावी नीतियों में सम्मिलित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन बीओसीडब्ल्यू बोर्ड के सचिव श्री सुनील कुमार यादव के स्वागत भाषण से हुआ। इस अवसर पर श्रीमती मिचिको मियामोतो, निदेशक, डीडब्ल्यूटी (दक्षिण एशिया), सीओ-आईएलओ, एवं श्री दीपक आनंद, सचिव-सह-अध्यक्ष, बीओसीडब्ल्यू बोर्ड ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने श्रमिक अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, और संस्थागत सहयोग के महत्व को रेखांकित किया।
समारोह के दौरान योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि एवं पुरस्कारों का वितरण मंत्री संतोष कुमार सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन श्रम आयुक्त श्री राजेश भारती के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।
इससे पहले 1 मई को आयोजित पैनल चर्चा में “आगे बढ़ा रही भारत की नई पीढ़ी की अर्थव्यवस्था कार्यबल – गिग और प्लेटफॉर्म श्रमिक” विषय पर विचार-विमर्श हुआ। इस सत्र में श्री दीपक कुमार सिंह (अपर मुख्य सचिव, राजस्व विभाग), डॉ. धन्या एमबी (वरिष्ठ फेलो, वी.वी.गिरी एनएलआई), एवं श्री करुण गोपीनाथ (आईएलओ) शामिल हुए।
समापन सत्र के अंतिम पैनल में “बिहार में श्रम बल के लचीले भविष्य का निर्माण” विषय पर चर्चा की गई। वक्ताओं में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री संजय पासवान, सुश्री हीजिन आह्न (मुख्य तकनीकी सलाहकार, आईएलओ), श्री अलख नारायण शर्मा (मानव विकास संस्थान), श्री अमरकांत सिंह (सेवानिवृत्त संयुक्त श्रम आयुक्त), और प्रो. नील रतन (ए.एन. सिन्हा संस्थान) प्रमुख रहे।
कार्यक्रम के दौरान कारखाना निरीक्षणालय, बिहार द्वारा राज्य के 7 प्रतिष्ठानों से जुड़े 80 कर्मियों को उत्कृष्ट योगदान हेतु सम्मानित किया गया। साथ ही, बोर्ड की योजनाओं के लाभार्थियों को अनुदान राशि भी प्रदान की गई।




