:- रवि शंकर अमित!
जाति नहीं कर्म से कोई भी व्यक्ति बन सकता है महान : डॉ. दिलीप जायसवाल
पटना, 5 जनवरी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल आज राष्ट्रीय नाई महासभा के 21वें स्थापना दिवस पर आयोजित नाई एवं युवा समाज के महासम्मेलन में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने महासम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जाति से नही कोई भी व्यक्ति अपने कर्म से महान बन सकता है।
उन्होंने इसको लेकर कई उदाहरण देते हुए कहा कि कर्पूरी ठाकुर भी नाई समाज मे जन्म लिए लेकिन अपने कार्यों के बल पर बिहार के लोगों के प्रिय बने और जननायक बन गए। उन्होंने कहा कि जननायक को पूर्ववर्ती सरकारों ने कभी सम्मान देने का काम नहीं किया, लेकिन जब केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी तो भारत रत्न देकर उन्हें वह सम्मान देने की कोशिश की गई, जिसके वे हकदार थे।
अखिल भारतीय नाई महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य आजाद गांधी ने अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष नन्द किशोर यादव, मंत्री प्रेम कुमार, मंगल पांडेय, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, रामकृपाल यादव एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।




