रिपोर्ट- अमित कुमार
आईआईटी पटना में आयोजित 7वें इंटर आईआईटी कल्चरल मीट का समापन आज भव्य तरीके से हुआ। इस आयोजन में देशभर के 23 आईआईटी संस्थानों से आए 3850 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। जनसंपर्क पदाधिकारी कृपाशंकर सिंह ने बताया कि चार दिवसीय इस सांस्कृतिक उत्सव ने छात्रों को अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का एक अनूठा मंच प्रदान किया।
आखिरी दिन के मुख्य आकर्षण में 51 घंटे की फिल्म स्क्रीनिंग, स्टेज प्ले, कास्ट्यूम डिजाइन, स्ट्रीट बैटल, टीएलसी क्विज़, और फैशन शो जैसे कार्यक्रम शामिल थे। इन आयोजनों ने न केवल प्रतिभागियों की प्रतिभा को उजागर किया, बल्कि दर्शकों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया।
फैशन शो में छात्रों ने अपनी क्रिएटिविटी और फैशन सेंस का बेहतरीन संगम प्रस्तुत किया, जिसमें पारंपरिक और आधुनिक फैशन का अनूठा मिश्रण देखने को मिला।
स्ट्रीट बैटल में नृत्य और संगीत के माध्यम से छात्रों ने अपनी ऊर्जा और उत्साह का प्रदर्शन किया, जिससे यह आयोजन सभी के दिलों में खास जगह बना गया।
टीएलसी क्विज़ में छात्रों ने अपनी गहरी जानकारी और मानसिक कौशल का परिचय दिया, जिससे यह प्रतियोगिता बेहद रोमांचक रही।




