रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!
मधुबनी में राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा के पैतृक गांव अररिया गांव के दुर्गा मंदिर में स्थापित प्रतिमा से चार लाख कीमत की आभूषण की चोरी
दो चोर के द्वारा वारदात को दिया गया है अंजाम सीसीटीवी में है कैद, 12 जनवरी को अररिया संग्राम में मुख्यमंत्री का है प्रस्तावित कार्यक्रम
ऐंकर– मधुबनी जिले में मंदिरों में चोरी का सिलसिला रुकने का नाम नही ले रहा है। यहां के दर्जनों प्रसिद्ध – ऐतिहासिक मंदिरों में जहां चोरों ने चोरी को अंजाम दे चूका है वही झंझारपुर अनुमंडल के अररिया संग्राम थाना क्षेत्र के अररिया गांव स्थित दुर्गा मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा से आभूषण की चोरी कर ली गई है। शुक्रवार देर रात हुई चोरी में मां दुर्गा के मुकुट, नथिया, झुमका, पाजेब एवं पायल आदि आभूषण शामिल है। जिसका मूल्य 4 लाख के करीब आंका जा रहा है। चोरी की वारदात करने के क्रम में मां दुर्गा के प्रतिमा के हाथ में पहनाई गई पांच भर का कंगन चोर की निगाह से बच गया। जिसकी कीमत लगभग पांच लाख के करीब बताई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जूट गई है, चोर जल्द ही पुलिस के हत्थे चढ़ जाएगा ऐसा लोगों ने उम्मीद जताई है।
घटना की सूचना पर डीएसपी पवन कुमार एवं अररिया संग्राम थाना थानाध्यक्ष बलवंत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की और परिसर में लगे सीसीटीवी को भी खंगाला। जिसमें दो चोर के द्वारा घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। दुर्गा मंदिर पंचायत भवन के बगल में ही है। जहां 12 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा जीविका भवन का उद्घाटन किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध एवं क्षुब्ध हैं।
आपको बता दें कि यह गांव राज्यसभा सांसद एवं जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा का पैतृक गांव भी है। साथ ही दुर्गा मंदिर निर्माण एवं प्रतिमा स्थापित करने में उनका काफी योगदान रहा है। यहां मंदिर का निर्माण 8 साल पूर्व किया गया। निर्माण के समय से पुजारी का कार्यभार देख रहे राम कृपाल झा ने बताया कि वह शुक्रवार रात 7:00 बजे मां दुर्गा की आरती कर घर गए थे। शनिवार सुबह 6:00 बजे मंदिर खोलने पहुंचे, तो मेन ग्रिल एवं छोटे ग्रिल का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर प्रवेश करने पर ट्रंक के ताले को भी टूटे हुए देखा। उनको शक हुआ की प्रतिमा से भी चोर के द्वारा कुछ चोरी किया गया होगा। जब उन्होंने प्रतिमा को देखा, तो उन्होंने पाया कि दुर्गा मां का मुकुट, नथिया, टीका, झुमका, पाजेब एवं पायल गायब है।
मंदिर में चोरी की जानकारी बात को उन्होंने बिना देर किए गांव के गोविंद झा को फोन पर दी। गोविंदा झा के मंदिर पहुंचने से पहले थाना एवं वरीय पदाधिकारी को भी इस चोरी की वारदात की सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने घटनास्थल पर पहुंचकर तहकीकात की और सीएफएल एवं टेक्निकल टीम को इसकी सूचना दी। टेक्निकल टीम एवं सीएफएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर अपने स्तर से साक्ष्य इकट्ठा किया। वहीं डीएसपी एवं थानाध्यक्ष ने सीसीटीवी को भी खंगाला।
घटना को लेकर डीएसपी पवन कुमार ने कहा है कि पुलिस और प्रशासन छानबीन में जूट गई है। चोर जल्द ही पुलिस के हत्थे चढ़ जाएगा। वहीं थानाध्यक्ष बलवंत कुमार ने बताया कि दुर्गा मंदिर के बगल में सर्वे के लिए हेलीकॉप्टर प्रतिदिन लगाया जाता है। जिसमें उनके दो गार्ड रहते है। साथ ही बीती रात तीन बार पुलिस के द्वारा गश्त लगाया गया था। हालांकि मामले को लेकर समाचार प्रेषण तक पूजारी या मंदिर कमेटी सदस्यों के तरफ से किसी भी प्रकार का आवेदन पुलिस को नहीं दिया गया है।




