धीरज शर्मा भागलपुर

भागलपुर के विधायक सह कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता अजीत शर्मा ने बिहार के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के दृष्टिकोण से एवं भागलपुर नगर निगम कार्यालय में हो रहे वित्तीय अनियमितताओं पर अंकुश लगाने हेतु भागलपुर नगर निगम में तत्काल भारतीय प्रशासनिक सेवा कोटि के कर्मठ एवं कर्त्तव्यनिष्ठ नगर आयुक्त का पदस्थापन कराने हेतु आग्रह किया है।
विधायक शर्मा ने पत्र में लिखा है कि भागलपुर नगर निगम में इस वर्ष के शुरुआत से हीं अधिसूचित नगर आयुक्त का पदस्थापन नहीं होने के कारण भागलपुर नगर निगम क्षेत्र में कोई भी विकास कार्य नहीं किया जा रहा है तथा भागलपुर शहर की सफाई व्यवस्था भी पूर्ण रूप से ध्वस्त हो गया है। वर्त्तमान में पदस्थापित प्रभारी नगर आयुक्त द्वारा नगर निगम कार्यालय का कार्य सुचारू रूप से नहीं किया जा रहा है। जैसा कि मुझे ज्ञात हुआ है कि वर्त्तमान में नगर निगम, भागलपुर अन्तर्गत करोड़ों रुपये के वित्तीय अनियमितता का मामला उजागर हो रहा है। इसके लिए जाँच कमिटि का गठन कर उच्च स्तरीय जाँच होना अति आवश्यक है। उक्त समस्याओं के स्थाई निदान हेतु भागलपुर नगर निगम अन्तर्गत भारतीय प्रशासनिक सेवा कोटि के पदाधिकारी का पदस्थापन होना अनिवार्य है।
अतः मेरा आग्रह है कि भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के दृष्टिकोण से एवं भागलपुर नगर निगम कार्यालय में हो रहे वित्तीय अनियमितताओं पर अंकुश लगाने हेतु भागलपुर नगर निगम में तत्काल भारतीय प्रशासनिक सेवा कोटि के कर्मठ एवं कर्त्तव्यनिष्ठ नगर आयुक्त का पदस्थापन कराने की कृपा की जाय।