रिपोर्ट- अमित कुमार!
पटना, 24 दिसंबर 2024: बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह आज पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर बीपीएससी छात्रों के समर्थन में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छात्रों से कहा कि “हम आपके पार्टी के नेता नहीं, आपके पिता बनकर यहां आए हैं,” और उनकी लड़ाई को अपनी लड़ाई बताते हुए यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है।
अखिलेश प्रसाद सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस इस आंदोलन को और तेज करेगी और नीतीश कुमार सरकार का चक्का जाम करेगी। उन्होंने छात्रों के साथ मिलकर इस संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। उन्होंने विश्वास जताया कि बीपीएससी छात्रों की मांग जल्द पूरी होगी।
कांग्रेस का बाबा साहेब अंबेडकर सम्मान मार्च प्रशासन ने रोका
इससे पहले, 24 दिसंबर को पटना महानगर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा आयोजित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में मार्च को प्रशासन ने रोक दिया। मार्च यारपुर बाघ मूर्ति मंदिर से अंबेडकर प्रतिमा होते हुए शहीद स्मारक (सप्तमूर्ती) सचिवालय तक निकाला जा रहा था। इस मार्च में कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भारी भीड़ शामिल थी, जिन्होंने बाबा साहेब के योगदान को सम्मानित करने के लिए नारे लगाए।
मार्च को रोकने के बाद, डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने विरोध स्वरूप अपने समर्थकों के साथ सड़क पर धरना दिया। उन्होंने प्रशासनिक रोक को नकारते हुए कहा कि बाबा साहेब के विचारों को सम्मानित करना हमारी जिम्मेदारी है, और इसे कोई भी रोक नहीं सकता।
इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर के विचारों को फैलाने का संकल्प लिया और प्रशासन को चेतावनी दी कि ऐसे प्रयासों से उन्हें कांग्रेस पार्टी का आंदोलन रोकने का कोई फायदा नहीं होगा।




