रिपोर्ट अनमोल कुमार
पटना ।
बिहार सरकार द्वारा आयोजित राजगीर महोत्सव में इस बार एक खास आकर्षण के रूप में “खादी मेला सह उद्यमी बाज़ार” का आयोजन किया गया है। इस मेले में खादी, हैंडलूम, हैंडिक्राफ्ट, ग्रामोद्योग और PMEGP से जुड़े कुल 70 स्टाल लगाए गए हैं। इन स्टालों पर खादी, हैंडलूम और हस्तनिर्मित उत्पादों की खूब बिक्री हो रही है, और मेले में अम्बर चरखा, कटिया चरखा और लूम के लाइव डेमो की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई है, जिसे देखने पर्यटकों की खूब भीड़ जुट रही है।
राजगीर के स्टेट गेस्ट हाउस मैदान में 21 से 27 दिसंबर तक चल रहे इस मेले का उद्देश्य खादी, ग्रामोद्योग और बिहार के स्थानीय कलाकारों एवं बुनकरों द्वारा निर्मित उत्पादों की लोकप्रियता बढ़ाना है। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जागरूकता का भी कार्य किया जा रहा है।
राजगीर महोत्सव, जो कि 1986 से मनाया जा रहा है, बिहार की समृद्ध इतिहास, कला और संस्कृति का अद्भुत प्रतीक बन चुका है। यह महोत्सव न केवल बिहार में बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना चुका है। राजगीर महोत्सव में खादी मेला सह उद्यमी बाज़ार का आयोजन उद्योग विभाग, बिहार सरकार की निरंतर प्रयासों और स्थानीय कलाकारों एवं उद्यमियों के उत्थान के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।




