रिपोर्ट- अमित कुमार!
पटना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बिहार यात्रा पर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने तेजस्वी यादव और विपक्ष पर करारा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा से विपक्ष हताश और भयभीत है। चिराग ने कहा कि नीतीश कुमार जनता से जुड़ते हैं, योजनाओं की समीक्षा करते हैं, और समस्याओं का समाधान निकालते हैं।
उन्होंने तेजस्वी यादव के सवालों को हार से उपजी हताशा बताया। चार सीटों पर हुए उपचुनाव में विपक्ष की हार के बाद ऐसे बयान देना उनकी हताशा को दर्शाता है। लालू यादव द्वारा मुख्यमंत्री की यात्रा पर की गई टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग ने कहा कि ये सिर्फ राजनीति करने का तरीका है।”मुख्यमंत्री की यात्रा से विपक्ष घबराया हुआ है। हार की हताशा में विपक्ष अनर्गल बयानबाजी कर रहा है।”
राज्यसभा में विपक्ष के लगातार हंगामे और सभापति पर उठाए जा रहे सवालों पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं और राज्यसभा के चेयर पर सवाल उठाना अनुचित है।
चिराग ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। पहले चुनाव आयोग और जांच एजेंसियों को निशाना बनाया गया, और अब राज्यसभा के सभापति को। उन्होंने इसे अराजकता का उदाहरण बताते हुए कहा कि विपक्ष को संवैधानिक पदों का सम्मान करना चाहिए।”संवैधानिक पद और संस्थाओं पर सवाल उठाना ठीक नहीं है। विपक्ष को संविधान की मर्यादा का पालन करना चाहिए।”
नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए लड़ेगा 2025 का चुनाव: चिराग पासवान
नीतीश कुमार के नेतृत्व को लेकर विपक्ष की आलोचनाओं का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा।
उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम का हवाला देकर बिहार में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है। चिराग ने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में अगली सरकार बनाएगी। “एनडीए गठबंधन एकजुट है, और हम 2025 का चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेंगे।”




