पंकज कुमार जहानाबाद।
महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2024 में ग्रामीण भारत में सतत और समावेशी विकास में उनके योगदान के लिए 45 असाधारण एवं अनुकरणीय पंचायतों को 11 दिसंबर 2024 को विज्ञान भवन नई दिल्ली में सम्मानित किया गया। जहानाबाद जिले के लिए ये एक गौरव का क्षण है कि जिले से तीन मुखिया को सम्मानित किया गया है।
पुरस्कारों की कड़ी में जिले के मखदुमपुर प्रखंड के पुनहदा पंचायत को दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार श्रेणी में पंचायत विथ गुड गवर्नेंस में तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया है। विकास के मानकों पर पुनहदा पंचायत ने पूरे राज्य में अव्वल स्थान प्राप्त किया है।
सतत विकास लक्ष्य के पंचायत विकास सूचकांक में बेहतर अंक प्राप्त करने तथा सतत विकास लक्ष्य में बेहतर कार्य करने के लिए पुनहदा पंचायत की मुखिया निभा कुमारी को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार वित्तीय वर्ष 2022 –23 में पंचायत के विकास के लिए किए गए बेहतर कार्यों के लिए दिया गया है। सतत विकास लक्ष्य के पंचायत विकास सूचकांक जिनमें गरीबी मुक्त और आजीविका उन्नत गांव ,स्वस्थ गांव, बाल हितैषी गांव, जल पर्याप्त गांव, स्वच्छ और हरित गांव, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा युक्त गांव ,महिला हितैषी गांव ,सामाजिक न्याय एवं सामाजिक रूप से सुरक्षित गांव, सुशासन गांव और आत्मनिर्भर गांव मानको पर विचार किया जाता है।इन मानको के आधार पर पंचायत को सर्वश्रेष्ठ सूची में शामिल किया गया है। पंचायत में सरकार की योजनाओं को बेहतर ढंग से क्रियान्वित करने के लिए खासकर जल संरक्षण की दिशा में कई उल्लेखनीय काम किए गए हैं, जैसे की पंचायत के पुराने जलाशयों का जीर्णोद्धार कराया जाना, मनरेगा एवं अन्य साधनों से पंचायत में नए तालाब एवं जल स्रोतों का निर्माण कराना ।इसके साथ ही सड़कों पर खाली जगह पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण भी किया गया है तथा पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है ।इसके साथ ही गांव में पुस्तकालय का भी निर्माण हुआ है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष प्रतियोगिता में 1.94 लाख ग्राम पंचायत ने भाग लिया जिनमें से 42 पुरस्कार विजेता पंचायत में से 42% का नेतृत्व महिलाओं ने किया। जिला प्रशासन के लिए यह गर्व का क्षण है कि अब पंचायतों में विभिन्न परिवर्तनकारी पहलों का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं,जिसका उदाहरण यह राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2024 से सम्मानित पुनहदा पंचायत की मुखिया निभा कुमारी है।
पुनहदा पंचायत के अतिरिक्त जहानाबाद सदर प्रखंड के मांदिल पंचायत के मुखिया बबलू कुमार एवं काको प्रखंड के उत्तरसेरथु पंचायत की मुखिया सरोज देवी को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
बताते चलें कि पंचायत पुरस्कार 2024 में दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार, नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार ,ग्राम ऊर्जा स्वराज विशेष पंचायत पुरस्कार, कार्बन न्यूट्रल विशेष पंचायत पुरस्कार, और पंचायत क्षमता निर्माण सर्वोत्तम संस्थान पुरस्कार जैसी श्रेणियां शामिल है। राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 73वे संवैधानिक संशोधन अधिनियम,1992 की याद दिलाता है जिसके तहत लोगों में पंचायतों को स्थानीय स्वशासन की संस्थाओं के रूप में संवैधानिक दर्जा दिया गया। भारत के लोकतांत्रिक ढांचों में पंचायतों का महत्व और ग्रामीण विकास में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।




