रिपोर्ट – अमित कुमार
लाल बहादुर शास्त्री की 120वीं जयंती समारोह का भव्य आयोजन विद्यापति भवन में किया गया।
लाल बहादुर शास्त्री विचार मंच द्वारा आयोजित 120वीं जयंती समारोह मे अजय वर्मा ने लाल बहादुर शास्त्री की सादगी और उच्च विचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश के दूसरे प्रधानमंत्री, शास्त्री जी, सादा जीवन और उच्च विचारों के प्रतीक थे। प्रधानमंत्री जैसे सर्वोच्च पद पर रहते हुए भी वे एक साधारण व्यक्ति की तरह जीवन जीते थे। उनका आदर्श न केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं बल्कि पूरे देश के लोगों के लिए आज भी प्रेरणादायक है।
स्थानीय विद्यापति भवन में उनकी जयंती समारोह को “जय जवान जय किसान” दिवस के रूप में मनाया गया । लाल बहादुर शास्त्री विचार मंच के अध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि शास्त्री जी ने “जय जवान जय किसान” का नारा घोर विपदा के समय दिया था। इस नारे के जरिए उन्होंने सेना के जवानों और देश के किसानों को सम्मान और ताकत दी थी । इस नारे के बाद जवानों व किसानों ने मिलकर देश को उस समय की परेशानियों व चुनौतियों से निजात दिलाया था । उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री विचार मंच भारत सरकार से यह मांग करता है कि लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को सरकारी तौर पर “जय जवान जय किसान” दिवस के रूप में पूरे देश में मनाया जाए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी होगी । उन्होंने कहा कि ‘जय जवान जय किसान’ दिवस की मांग को लेकर लाल बहादुर शास्त्री विचार मंच एक हस्ताक्षर अभियान भी पूरे देश में चलाएगा। हस्ताक्षर अभियान पूरा होने के बाद हस्ताक्षरों की कॉपी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को समर्पित किया जायेगा जिसे मंच का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलकर उन्हें समर्पित करेगा ।
समारोह में पूर्व सांसद आलोक कुमार मेहता, विधायक मो. इसरायल मंसूरी, न्यायमूर्ति हेमंत कुमार श्रीवास्तव, और कई गणमान्य व्यक्तियों ने शास्त्री जी के विचारों और उनके योगदान की सराहना की।
जयंती के मौके पर प्रदेश के वैसे लोगों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करके देश में बड़ा योगदान दिया है । इसके अतिरिक्त लाल बहादुर शास्त्री विचार मंच के तत्वावधान में विभिन्न स्कूलों में आयोजित की गयी बच्चों की प्रतियोगिताओं में विजयी होने वाले नन्हे बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया।




