रिपोर्ट- अमित कुमार
पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने JDU सांसद संजय कुमार झा के बयान पर कड़ा पलटवार किया है। तेजस्वी ने कहा, “जब हम 17 महीने सत्ता में थे, तभी तो आरक्षण की सीमा बढ़ाई गई थी। अगर NDA के कार्यकाल में ऐसा क्यों नहीं हुआ, यह सवाल उनके सामने है। वे लोग सिर्फ नौटंकी कर रहे हैं। आरक्षण को नौवीं अनुसूची में क्यों नहीं डाला जा रहा है?”
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि जो लोग आज बयान दे रहे हैं, वही लोग उनके साथ बैठकर आरक्षण की घोषणा कर रहे थे। उन्होंने याद दिलाया कि उनके कार्यकाल के दौरान ही 5 लाख नौकरियां दी गई थीं और खेल नीति और शिक्षा नीति भी उसी समय बनी थीं।
तेजस्वी ने NDA को ‘नकारात्मक लोग’ करार देते हुए कहा, “अगर आप कुछ सकारात्मक बात कहेंगे, तो उन्हें तकलीफ होनी ही है।” उन्होंने कहा कि NDA के सत्ता में होने के बावजूद वे अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं। उन्होंने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा न दिए जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “जब बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया गया, तो जदयू के लोग ताली बजा रहे थे। क्यों नहीं मिलना चाहिए?”
तेजस्वी यादव ने JDU नेताओं को चुनौती देते हुए कहा, “हम चुनौती देते हैं JDU के नेताओं को कि वो बताएं, क्या वे आरक्षण को नौवीं अनुसूची में डालने के पक्ष में हैं या नहीं?”
तेजस्वी यादव के इस बयान ने बिहार की राजनीति में एक बार फिर गर्मी ला दी है। विपक्षी दलों के बीच आरक्षण और विशेष राज्य के दर्जे को लेकर तीखी बयानबाजी जारी है। अब देखना होगा कि JDU और NDA इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।




